SSP देहरादून की मौजूदगी में 15 होमगार्ड हवलदार प्रशिक्षकों की पासिंग आउट सेरेमनी, 7 माह के प्रशिक्षण के बाद संभालेंगे जिम्मेदारी

0
IMG-20260902-WA0032_copy_342x538

अमीषा भट्ट

7 माह के कड़े प्रशिक्षण के बाद मुख्यधारा में शामिल हुए होमगार्ड्स के 15 हवलदार प्रशिक्षक

देहरादून, 03 सितम्बर। पुलिस लाइन देहरादून में बुधवार को होमगार्ड्स के 15 हवलदार प्रशिक्षकों की भव्य पासिंग आउट सेरेमनी आयोजित की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की गरिमामयी उपस्थिति में सात माह का गहन प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी प्रशिक्षुओं को मुख्यधारा में शामिल किया गया।

हवलदार प्रशिक्षक (होमगार्ड) का प्रशिक्षण 2 फरवरी 2026 से शुरू हुआ था। सात माह के कड़े और गहन प्रशिक्षण के बाद 2 सितम्बर को पुलिस लाइन देहरादून में पासिंग आउट सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसएसपी देहरादून ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर सभी प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन किया।

इस दौरान एसएसपी ने सभी उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और उन्हें पूरी लगन, ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

प्रशिक्षण के दौरान हवलदार प्रशिक्षकों को अंतःकक्ष और बाह्यकक्ष दोनों प्रकार का व्यापक प्रशिक्षण दिया गया। अंतःकक्ष प्रशिक्षण में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम, विभिन्न अधिनियमों, भारतीय संविधान, पुलिस एवं होमगार्ड संगठन तथा कर्मचारी आचरण नियमावली की जानकारी दी गई।

वहीं बाह्यकक्ष प्रशिक्षण के अंतर्गत परेड एवं पदादि प्रशिक्षण, शस्त्र प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट, पुलिस प्रशिक्षण, पीटी/पीई, योगा और यूएसी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

इन प्रशिक्षुओं ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

प्रशिक्षण और परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को एसएसपी देहरादून ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

अंतःकक्ष में प्रथम: हवलदार प्रशिक्षक होमगार्ड हिमानी करायत

बाह्यकक्ष में प्रथम: हवलदार प्रशिक्षक होमगार्ड सूरज सिंह

सम्पूर्ण प्रशिक्षण में सर्वांग सर्वोत्तम कैडेट: हवलदार प्रशिक्षक ललित सिंह

परेड कमांडर: हवलदार प्रशिक्षक ललित सिंह

ललित सिंह ने सम्पूर्ण प्रशिक्षण के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सर्वांग सर्वोत्तम कैडेट का सम्मान हासिल किया। साथ ही उन्होंने परेड कमांडर की जिम्मेदारी भी निभाई।

एसएसपी देहरादून ने कहा कि पुलिस और होमगार्ड संगठन में शामिल होने वाले प्रत्येक प्रशिक्षु की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

पासिंग आउट परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, आरटीसी स्टाफ, प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी अभ्यर्थी एवं उनके परिजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed