डॉक्टर कुश एरन की टीम ने दिया युवती को नया जीवन
अमीषा भट्ट
देहरादून जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में 50 प्रतिशत से अधिक जली युवती का सफल स्किन ग्राफ्टिंग ऑपरेशन
देहरादून। जिला चिकित्सालय देहरादून (कोरोनेशन अस्पताल) के बर्न वार्ड में डॉक्टरों की टीम ने एक 21 वर्षीय युवती का जटिल ऑपरेशन कर उसे नया जीवन प्रदान किया है। नैनबाग क्षेत्र से आई ये युवती 50 प्रतिशत से अधिक गंभीर रूप से जली हुई अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराई गई थी। प्रसिद्ध सर्जन डॉ. कुश एरन और उनकी टीम ने कंपोजिट स्किन ग्राफ्टिंग प्रोसीजर (Composite Skin Grafting) के माध्यम से इस इलाज को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जल्द से जल्द स्वस्थ करने की चुनौती थी। अस्पताल में भर्ती रहने के एक महीने के दौरान प्रयोग में लाई जाने वाली स्किन की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। ऐसे में डॉ. कुश ने अपने व्यक्तिगत प्रयासों से नेशनल बर्न सेंटर नई दिल्ली के स्किन बैंक से संपर्क कर आवश्यक स्किन मंगवाई और सर्जरी को सफल बनाया। डॉ. कुश एरन ने वर्ष 2017 में भी कोरोनेशन अस्पताल में इसी आधुनिक विधि द्वारा सफल स्किन ग्राफ्टिंग की थी।
इस जटिल सर्जरी के दौरान सर्जरी विभाग के डॉ. संतोष, डॉ. रजनी के साथ नर्सिंग अधिकारी सरोज, सरिता, दीपशिखा, लक्ष्मी, वंदना, सोनिया, गीता और ऑपरेशन थिएटर (OT) का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
जिला चिकित्सालय देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. यतेंद्र सिंह ने बर्न मरीज के सफल उपचार और बेहतरीन समन्वय के लिए डॉ. कुश एरन और उनकी पूरी मेडिकल टीम की सराहना की तथा उन्हें बधाई दी।
