डीएम मनीष कुमार ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर दिखाई सख्ती, समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

0
IMG-20260930-WA0011_copy_1024x464

अमीषा भट्ट

पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर डीएम मनीष कुमार सख्त, समयबद्ध समाधान के निर्देश

जिला सैनिक कल्याण परिषद की बैठक में सड़क, आवास, स्वास्थ्य और कृषि से जुड़े मामलों की हुई समीक्षा

चम्पावत, 01अक्टूबर: जिला सैनिक कल्याण परिषद की त्रैमासिक बैठक बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों से जुड़े विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समस्याओं का संवेदनशीलता, प्राथमिकता और समयबद्धता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सैनिक कल्याण परिषद में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला स्तर पर निस्तारित होने वाले मामलों में अनावश्यक देरी न हो, जबकि शासन स्तर से संबंधित मामलों में आवश्यक प्रस्ताव और पत्राचार समय पर किया जाए।

बैठक में छमनिया में निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का नाम शहीद राम दत्त चौबे के नाम पर रखने के अनुरोध पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा ग्राम फुलारा में एक पूर्व सैनिक के आवास तक सड़क निर्माण से जुड़े प्रकरण में संबंधित विभाग को मौके और तकनीकी स्थिति का परीक्षण कर समाधान की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए गए।

पूर्व सैनिकों ने कृषि भूमि में फलदार और जड़ी-बूटी पौधों के रोपण तथा जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने कृषि विभाग को पात्रता और विभागीय योजनाओं के तहत आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आवास के आसपास सोलर लाइट लगाने के मामले में उरेडा को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

भूमि संबंधी प्रकरण में उप जिलाधिकारी लोहाघाट को आवश्यक जांच कर समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं, जिला अस्पताल को ईसीएचएस पैनल में शामिल किए जाने के दृष्टिगत दंत रोग विभाग में रूट कैनाल और दांत भरने की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग पर स्वास्थ्य विभाग को सुविधाओं की उपलब्धता का परीक्षण कर उचित कार्रवाई करने को कहा गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्मित कलवर्ट से पूर्व सैनिक को हो रही परेशानी के मामले में भी संबंधित विभाग को स्थलीय निरीक्षण कर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को बैठक में सामने आए सभी प्रकरणों पर संबंधित विभागों से लगातार समन्वय बनाए रखने और कार्रवाई की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व सैनिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (सेवानिवृत्त), अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हितेश कांडपाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और सेवानिवृत्त सैनिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed