गणेश जोशी ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से की मुलाकात, रॉबर्स केव (गुच्चुपानी) को पर्यटन हब बनाने का रखा प्रस्ताव

0
IMG-20261113-WA0074_copy_618x538

अमीषा भट्ट

नई दिल्ली, 13 नवम्बर। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत देहरादून स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रॉबर्स केव (गुच्चुपानी) के सौंदर्यीकरण एवं इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त पर्यटन हब के रूप में विकसित करने संबंधी प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि रॉबर्स केव (गुच्चुपानी) अपनी प्राकृतिक सुंदरता और विशिष्ट भौगोलिक संरचना के कारण देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि इस पर्यटन स्थल के सौंदर्यीकरण, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिक पर्यटक सुविधाओं के विकास से जहां पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, वहीं स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

कृषि मंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में पर्यटन राज्य की आर्थिकी का एक महत्वपूर्ण आधार है। प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, पर्यटन स्थलों के उन्नयन तथा नए पर्यटन गंतव्यों को विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से उत्तराखण्ड सरकार द्वारा पर्यटन विकास के संबंध में केंद्र सरकार को भेजे गए विभिन्न प्रस्तावों को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।

इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कृषि मंत्री गणेश जोशी द्वारा उठाए गए सभी विषयों पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए संबंधित प्रस्तावों पर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही किए जाने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed