डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का बापूग्राम के लोगों ने किया जोरदार स्वागत, वन भूमि से डीरिजर्व करने के प्रस्ताव को कैबिनेट मंजूरी मिलने पर जताया आभार
अमीषा भट्ट
ऋषिकेश : 27 नवंबर 2026
उत्तराखंड सरकार द्वारा वर्षों से वन भूमि पर बसे लोगों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बापूग्राम सहित अन्य क्षेत्रों को वन भूमि से डीरिजर्व करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने के लिए मंत्रिमंडल से मंजूरी दिए जाने पर बापूग्राम के लोगों में खुशी की लहर है। साथ ही इन क्षेत्रों में बसे लोगों की भूमि को नियमित (रेगुलराइज) करने के लिए नीति बनाने हेतु उप मंत्रिमंडलीय समिति के गठन को भी मंजूरी मिलने पर स्थानीय लोगों ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत कर आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि बापूग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से रह रहे हजारों परिवारों की समस्या के समाधान के लिए वह लगातार प्रयासरत रहे हैं। इस विषय को लेकर उन्होंने समय-समय पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी से मुलाकात कर समस्या के स्थायी समाधान का आग्रह किया। इसके साथ ही मुख्य सचिव सहित शासन के उच्च अधिकारियों के समक्ष भी इस विषय को प्रमुखता से उठाया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय क्षेत्र के हजारों परिवारों के लिए आशा और विश्वास की नई किरण लेकर आया है। वर्षों से अपने घरों में रह रहे लोगों को राहत दिलाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस विषय को लेकर उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा, जब तक प्रभावित परिवारों को स्थायी समाधान नहीं मिल जाता।
डॉ. अग्रवाल ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता के साथ बापूग्राम सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों की भावनाओं और समस्याओं को समझते हुए सकारात्मक पहल की है।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र राणा, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, पार्षद हर्षवर्धन रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत गोविंद सिंह रावत, राहुल कश्यप, पूर्व पार्षद अनीता प्रधान, पार्षद पूनम डोभाल, पिंकी धस्माना, निर्मला उनियाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
