MSME मंत्री भरत सिंह चौधरी ने देहरादून में FTA कार्यशाला का किया शुभारंभ, उत्तराखंड का निर्यात बढ़कर 13,802 करोड़ रुपये पहुंचा
अमीषा भट्ट
Dated: 27 November 2026
उत्तराखंड के MSME और निर्यातकों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने के उद्देश्य से देहरादून में राज्य स्तरीय मुक्त व्यापार समझौता (FTA) कार्यशाला आयोजित
– विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय तथा उत्तराखंड सरकार के उद्योग विभाग द्वारा संयुक्त रूप से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन।
– MSME मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी ने उत्तराखंड के निर्यात में वर्ष 2017-18 के ₹10,836 करोड़ से बढ़कर वर्ष 2025-26 में ₹13,802 करोड़ होने की जानकारी दी।
– विशेषज्ञों ने मुक्त व्यापार समझौतों, टैरिफ रियायतों, उत्पत्ति के नियमों (Rules of Origin) तथा प्रमुख क्षेत्रों में निर्यात के अवसरों पर दी जानकारी।
– कार्यशाला का उद्देश्य निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करना, MSME को बढ़ावा देना और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच का विस्तार करना रहा।
देहरादून, 27 नवंबर 2026। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के विदेश व्यापार महानिदेशालय (क्षेत्रीय प्राधिकरण, दिल्ली) के कार्यालय द्वारा उत्तराखंड सरकार के उद्योग विभाग के सहयोग से आज होटल हयात सेंट्रिक, देहरादून में “मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) का लाभ उठाना” विषय पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय आउटरीच कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य भारत के मुक्त व्यापार समझौतों के अंतर्गत उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाकर राज्य के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs), उद्यमियों और निर्यातकों को वैश्विक बाजारों से जोड़ना था।

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के संयुक्त सचिव श्री अमित वर्मा, भारत सरकार के विदेश व्यापार महानिदेशक श्री निखिल वर्मा तथा उत्तराखंड सरकार के उद्योग महानिदेशक एवं आयुक्त श्री सौरभ गहरवार भी उपस्थित रहे। कार्यशाला में PHDCCI, CII, EEPC, EPCH, APEDA और SEPC सहित प्रमुख व्यापार एवं निर्यात संवर्धन संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ ही प्रदेशभर के उद्यमियों और निर्यातकों ने भाग लिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए MSME मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि यह कार्यशाला उत्तराखंड के उद्यमियों, निर्यातकों और विशेष रूप से MSME इकाइयों को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित अर्थव्यवस्था बनाने के प्रधानमंत्री के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और न्यूजीलैंड जैसे देशों के साथ आधुनिक मुक्त व्यापार समझौतों के माध्यम से भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में शून्य शुल्क अथवा रियायती शुल्क पर पहुंच प्राप्त हो रही है।
राज्य की औद्योगिक प्रगति का उल्लेख करते हुए श्री चौधरी ने बताया कि उत्तराखंड का निर्यात वर्ष 2017-18 के ₹10,836 करोड़ से बढ़कर वर्ष 2025-26 में ₹13,802 करोड़ हो गया है। इसमें फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग उत्पादों, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक एवं हर्बल उत्पादों तथा हस्तशिल्प की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि ‘इन्वेस्ट उत्तराखंड’ सिंगल विंडो पोर्टल के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में ₹70,397 करोड़ के पूंजी निवेश वाली 6,932 परियोजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की गई है। नीति आयोग के निर्यात तैयारी सूचकांक (Export Preparedness Index-EPI) 2024 और निवेश अनुकूलता सूचकांक (Investment Friendliness Index) 2026 में भी उत्तराखंड ने अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

मंत्री ने आगे बताया कि पर्वतीय जिलों में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। हरिद्वार में ₹194 करोड़ की लागत से फ्लैटेड फैक्ट्री की स्थापना के बाद अब सेलाकुई और पंतनगर में भी इसी प्रकार की प्लग-एंड-प्ले सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके अतिरिक्त, किच्छा के खुरपिया में 1,002 एकड़ क्षेत्र में ₹1,100 करोड़ की लागत से इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) विकसित किया जा रहा है। लॉजिस्टिक्स एवं व्यापारिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए हरिद्वार में मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क तथा बनबसा में लैंड कस्टम स्टेशन भी विकसित किए जा रहे हैं। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और ‘हिमाद्री’ जैसी पहल पारंपरिक हस्तशिल्प, ऐपण कला, मोटे अनाज तथा महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में मदद कर रही हैं।
उद्घाटन सत्र के दौरान उद्योग महानिदेशक एवं आयुक्त श्री सौरभ गहरवार ने उत्तराखंड के औद्योगिक परिवेश और निर्यात संवर्धन की भावी कार्ययोजना की जानकारी दी। वाणिज्य विभाग के संयुक्त सचिव श्री अमित वर्मा तथा विदेश व्यापार महानिदेशक श्री निखिल वर्मा ने भारत के मुक्त व्यापार समझौतों, टैरिफ रियायतों, उत्पत्ति के नियमों (Rules of Origin-RoO), निर्यात संवर्धन मिशन (Export Promotion Mission-EPM) तथा निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित ‘जिलों को निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करना’ (Districts as Export Hubs-DEH) पहल पर विस्तार से जानकारी दी।
तकनीकी सत्रों में APEDA, SEPC, EPCH, EEPC, CII और PHDCCI के विशेषज्ञों ने कृषि, प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों, हस्तशिल्प, सेवा क्षेत्र और इंजीनियरिंग उत्पादों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्तराखंड के लिए उपलब्ध निर्यात अवसरों पर प्रकाश डाला। राज्य के उद्योग विभाग के अधिकारियों ने उत्तराखंड निर्यात नीति के अंतर्गत उपलब्ध वित्तीय प्रोत्साहनों, गुणवत्ता प्रमाणन सहायता तथा लॉजिस्टिक्स संबंधी सुविधाओं की भी जानकारी दी।
कार्यशाला का समापन संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें निर्यातकों और उद्योग प्रतिनिधियों ने वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष अपनी जिज्ञासाएं और सुझाव रखे। इस दौरान हुई चर्चा ने विभिन्न हितधारकों को भारत के मुक्त व्यापार समझौतों के लाभों को समझने तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उत्तराखंड की भागीदारी और उपस्थिति बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
