डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गुरुपर्व पर गुरुद्वारों में टेका माथा, विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपये देने की घोषणा
अमीषा भट्ट
ऋषिकेश 24 नवंबर 2026
ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व (गुरुपर्व) के अवसर पर रेलवे रोड ऋषिकेश स्थित सिंह सभा गुरुद्वारा, जोगीवाला माफी (छिद्दरवाला) स्थित गुरुद्वारा तथा डोईवाला स्थित गुरुद्वारे में पहुंचकर माथा टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने संगत को गुरुपर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानवता को सत्य, प्रेम, करुणा, सेवा, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रही हैं। गुरु नानक देव जी ने ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का संदेश देकर ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी से परिश्रम करने और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ बांटने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा को सर्वोपरि बताया। उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात कर हम एक समरस, सद्भावपूर्ण और आदर्श समाज का निर्माण कर सकते हैं।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने जोगीवाला माफी स्थित गुरुद्वारे में पूर्व में विधायक निधि से 5 लाख रुपये दिए जाने पर सरदार त्रिलोचन सिंह द्वारा व्यक्त किए गए आभार के लिए उनका धन्यवाद किया। साथ ही गुरुद्वारे में शेष विकास कार्यों को पूरा कराने के लिए विधायक निधि से 2 लाख रुपये देने की घोषणा की।
वहीं, रेलवे रोड स्थित सिंह सभा गुरुद्वारा में कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल की उपस्थिति में डॉ. अग्रवाल ने गुरुद्वारे के विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 3 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इस प्रकार दोनों गुरुद्वारों के विकास कार्यों के लिए कुल 5 लाख रुपये की नई धनराशि देने की घोषणा की गई।
इस अवसर पर ऋषिकेश में मेयर शंभू पासवान, सरदार मुन्ना सिंह, गोविंद सिंह, परमजीत सिंह सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। डोईवाला में गुरुद्वारा प्रधान सरदार गुरदीप सिंह, सरदार इंद्रजीत सिंह, गुरमुख सिंह सहित संगत मौजूद रही। वहीं, जोगीवाला माफी में गुरप्रीत सिंह, तरणजीत सिंह, संदीप सिंह, समा पवार, शैलेंद्र रांगड़ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
