डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने फिर उठाया बापूग्राम वन भूमि प्रकरण, आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव लाने पर विचार
अमीषा भट्ट
ऋषिकेश : 25 नवंबर 2026
ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के ऋषिकेश विधानसभा आगमन पर एम्स हेलीपैड में उनकी अगवानी एवं स्वागत किया। इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने बापूग्राम वन भूमि प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री जी से पुनः वार्ता की और क्षेत्रवासियों की समस्या के समाधान का आग्रह किया।
डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री जी के समक्ष बापूग्राम, मीरा नगर, 20 बीघा, शिवाजी नगर, सुमन विहार, गीतानगर, मालवीय नगर, अमित ग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों में निवासरत हजारों परिवारों की समस्या को फिर से प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में परिवार कई दशकों से निवास कर रहे हैं। ऐसे में उनके आवासीय भविष्य और अधिकारों को सुरक्षित करना अत्यंत आवश्यक है।
इस पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए अवगत कराया कि बापूग्राम वन भूमि प्रकरण को आगामी कैबिनेट बैठक में लाने पर विचार किया जा रहा है।
डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस गंभीर विषय के प्रति संवेदनशील है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बापूग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों परिवारों को राहत दिलाना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों के हितों की रक्षा और इस वर्षों पुरानी समस्या के स्थायी समाधान के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
