डीएम आशीष भटगांई ने श्रम विभाग और ग्रामीण निर्माण विभाग का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार; नए श्रम जन सुविधा केंद्र खोलने के दिए निर्देश
अमीषा भट्ट
पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने श्रम विभाग एवं ग्रामीण निर्माण विभाग के कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर विभागीय कार्यों और योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

श्रम विभाग में टूल किट एवं अन्य उपकरणों के वितरण में देरी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने श्रम कार्ड बनाने और नवीनीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। वहीं, श्रम जन सुविधा केंद्र में कंप्यूटर की कमी और लोगों की भीड़ को देखते हुए विकास भवन, नगर निगम सहित अन्य उपयुक्त स्थानों पर नए सुविधा केंद्र खोलने और कम से कम 10 अतिरिक्त कंप्यूटर सिस्टम लगाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, नियमित मॉनिटरिंग करने और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
