मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों से बीएलए-2 नियुक्त करने की अपील
देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट-2 यानी बीएलए-2 नियुक्त करने की अपील की है। राजनीतिक दलों को 7 जून तक यह प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में राजनीतिक दलों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बीएलए-2 की सक्रिय भागीदारी से बूथ स्तर पर मतदाता सूची के सत्यापन और संशोधन कार्य को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकेगा।
समीक्षा बैठक में एसआईआर कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि जनपद की 10 विधानसभा क्षेत्रों के 1,882 मतदान केंद्रों पर विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा बीएलए-2 नियुक्त किए जा रहे हैं। भाजपा ने 1,839, कांग्रेस ने 1,717 और सीपीआई एम ने 378 बीएलए-2 नियुक्त किए हैं। अन्य दलों से भी जल्द नियुक्तियां पूरी करने को कहा गया है।

निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन करेंगे। यदि किसी घर में पहली बार संपर्क नहीं हो पाता या घर बंद मिलता है, तो बीएलओ दोबारा संपर्क का प्रयास करेंगे। इसके साथ ही 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिकों के फार्म-6 भी स्वीकार किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कर एएसडी सूची तैयार की जाएगी। इस सूची को पंचायत भवनों, नगर निकायों और संबंधित वेबसाइटों पर सार्वजनिक किया जाएगा। राजनीतिक दलों को भी यह सूची उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि सत्यापन प्रक्रिया को और मजबूत बनाया जा सके।
मतदाता सूची का प्रथम ड्राफ्ट 14 जुलाई को प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है, उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य दस्तावेजों में से किसी एक की प्रति जमा करनी होगी। बीएलए-2 इस पूरी प्रक्रिया में बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर सत्यापन और संशोधन कार्य में सहयोग करेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह ने जानकारी दी कि प्री-एसआईआर अभियान के तहत जनपद के 13.76 लाख मतदाताओं में से 11.06 लाख मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जो कुल मतदाताओं का 80.38 प्रतिशत है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता, बीएलए और राजनीतिक दल निर्वाचन आयोग के ईसीआई-नेट प्लेटफॉर्म के माध्यम से मतदाता संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा और टोल फ्री नंबर 1950 के जरिए भी सहायता ली जा सकती है।
देहरादून एसआईआर अभियान की प्रमुख तिथियां
7 जून: बीएलए-2 नियुक्ति की अंतिम तिथि
8 जून से 7 जुलाई: घर-घर गणना प्रपत्र वितरण और संकलन
14 जुलाई: प्रथम ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन
14 जुलाई से 13 अगस्त: दावे और आपत्तियां
11 सितंबर: दावे और आपत्तियों का निस्तारण
15 सितंबर: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
