मसूरी विधानसभा में विकास कार्यों को गति देने के निर्देश, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों संग की समीक्षा
देहरादून में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के प्रस्तावित और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने झील निर्माण, सड़क सुधारीकरण, डामरीकरण, नए मार्गों और पुल निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
मसूरी विधानसभा के विकास कार्यों को लेकर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एक्शन मोड में। सड़क, झील और पुल निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए गए। संतला देवी में प्रस्तावित झील से पर्यटन और पेयजल सुविधा को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
देहरादून, 28 मई। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित और प्रगतिशील विकास कार्यों को लेकर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज अपने कैंप कार्यालय में सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मंत्री ने विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
समीक्षा बैठक में संतला देवी क्षेत्र में नून नदी पर प्रस्तावित झील निर्माण कार्य पर विशेष चर्चा हुई। यह कार्य मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत प्रस्तावित है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि झील निर्माण से जुड़ी आवश्यक कागजी प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों की पेयजल समस्या के समाधान में भी मदद मिलेगी।

बैठक में लोक निर्माण विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण सड़क कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री जोशी ने अधिकारियों को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मोटर मार्गों के सुधारीकरण, डामरीकरण और नए मार्गों के निर्माण को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहस्त्रधारा बायपास से बगलाधोरण मोटर मार्ग, क्यारा-धनौल्टी मार्ग, छमरौली से डोमकोट मोटर मार्ग तथा बाटाघाट-पुरकुल-मालसी-सरोना-बोंठा मोटर मार्ग के कार्यों में तेजी लाने को कहा।
कैबिनेट मंत्री ने बरसात से पहले संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा और मरम्मत कार्यों को पूरा करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में मानसून के दौरान सड़क सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए संबंधित विभाग समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करें।

इसके अलावा कामाख्या मंदिर क्षेत्र में प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य पर भी चर्चा हुई। मंत्री जोशी ने अधिकारियों को इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण से स्थानीय लोगों के साथ-साथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
बैठक में जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पी.एल. नौटियाल, सहायक अभियंता मोहन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
