एनआईटी श्रीनगर के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

0

देहरादून में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एनआईटी श्रीनगर के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तेजी लाने, स्थानीय लोगों के रोजगार अधिकारों का ध्यान रखने और श्रीनगर पॉलिटेक्निक भवनों को तकनीकी शिक्षा विभाग को वापस सौंपने के निर्देश दिए।

amishatimes-023

देहरादून, 28 मई 2026। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, एनआईटी श्रीनगर के निर्माण कार्यों को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, स्थानीय लोगों के हितों और विभागीय व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।

डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनआईटी श्रीनगर के निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने संस्थान को बिजली, पानी और सड़क जैसी जरूरी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दी हैं। अब संस्थान और कार्यदायी एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि शेष कार्यों को समयबद्ध और अनुबंधों के अनुरूप पूरा किया जाए।

बैठक के दौरान मंत्री ने कार्यदायी संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर नाराजगी भी जताई। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में देरी और अनुबंधों के अनुरूप कार्य न होने से स्थानीय लोगों में असंतोष की स्थिति बन रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन लोगों ने संस्थान के लिए भूमि दी है और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े लोग हैं, उनके हक-हकूक का पूरा ध्यान रखा जाए।

डॉ. रावत ने स्पष्ट कहा कि स्थानीय लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। उन्होंने एनआईटी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि संस्थान की सीमा में आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर से जुड़े भवनों का मामला भी उठा। मंत्री ने एनआईटी अधिकारियों को निर्देशित किया कि तकनीकी शिक्षा विभाग के अधीन श्रीनगर पॉलिटेक्निक कॉलेज के जिन भवनों का उपयोग संस्थान द्वारा किया जा रहा है, उन्हें चरणबद्ध तरीके से विभाग को वापस सौंपा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!