चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाने का संकल्प: मुख्यमंत्री धामी

0
image324

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न योजनाओं का किया लोकार्पण, सिटी सेन्टर हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

चम्पावत, 30 जून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए 123.79 करोड़ रुपये की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 27.79 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 8 योजनाओं का लोकार्पण तथा 96 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 9 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने लगभग 3.50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का शुभारंभ भी किया। इस परियोजना के तहत जिम कॉर्बेट से जुड़े ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों का संरक्षण एवं विकास किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने बस स्टेशन परिसर में बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर का भूमि पूजन भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है और चम्पावत शिक्षा, पर्यटन, आधारभूत ढांचे, महिला सशक्तिकरण, कृषि, व्यापार और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल सड़क और भवन नहीं बना रही, बल्कि ऐसा चम्पावत तैयार कर रही है जहां युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि और व्यापारियों को नए अवसर मिलें।

उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में लगभग 62.33 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा, जिससे पार्किंग की समस्या का समाधान होने के साथ स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी। इसके अलावा महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम और अन्य जनसुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियों के लिए लगभग 257 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा 58.52 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर स्थापित किया जा रहा है। साथ ही कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र को आगे बढ़ाते हुए मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा 14 करोड़ रुपये की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण भी किया जा रहा है। वहीं लोहाघाट और बनबसा में सैनिकों एवं पर्यावरण मित्रों के लिए विभिन्न सुविधाओं का विकास भी किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुजारियों, अर्धसैनिक बलों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, शिक्षकों, उद्यमियों, बैंक कर्मियों, अधिवक्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद भी किया।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने खटकना पुल स्थित एटलस पावर हाउस जिम का भी उद्घाटन किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम पांडे, हेमा जोशी, रोहित बिष्ट, मुकेश महराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!