चम्पावत में फायर और विद्युत सुरक्षा जांच अभियान शुरू, लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई
चम्पावत, 30 जून। जिले में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए प्रशासन ने फायर सेफ्टी एवं विद्युत सुरक्षा का संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शासन के निर्देशों के तहत संबंधित विभागों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों में अग्नि सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को अग्निशमन और विद्युत विभाग की संयुक्त टीम गठित कर तय समयसीमा के भीतर निरीक्षण अभियान पूरा कराने के निर्देश दिए।
निर्धारित योजना के अनुसार संयुक्त टीम उपजिलाधिकारियों के समन्वय में जिले के विद्यालयों, अस्पतालों, छात्रावासों, होटलों, मॉल, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य सार्वजनिक भवनों का निरीक्षण करेगी। इस दौरान विद्युत वायरिंग, ओवरलोडिंग, शॉर्ट सर्किट की आशंका, एलपीजी सुरक्षा, अग्निशमन उपकरणों की स्थिति, आपातकालीन निकास व्यवस्था और फायर एनओसी सहित सभी सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्पष्ट किया कि जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलेगी, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी किया जाएगा। निर्धारित समय में कमियां दूर नहीं करने अथवा गंभीर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि संयुक्त निरीक्षण अभियान की विस्तृत रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित की जा सके।
