सीएम पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से कहा—बदलती तकनीक के अनुरूप ‘फ्यूचर रेडी’ बनें युवा
अमीषा भट्ट
दून विश्वविद्यालय में युवाओं से बोले सीएम धामी: बदलती तकनीक के अनुरूप ‘फ्यूचर रेडी’ बनें युवा
रोजगार, पलायन, एआई, उच्च शिक्षा और ट्रैफिक जाम पर मुख्यमंत्री ने छात्रों के सवालों के दिए जवाब
देहरादून 14 अगस्त: दून विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया।
इस दौरान युवाओं ने पलायन रोकने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का हब बनाने, एआई एवं तकनीकी बदलावों के बीच रोजगार की संभावनाओं और देहरादून की ट्रैफिक समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रिवर्स माइग्रेशन को बढ़ावा मिल रहा है। मुख्यमंत्री उद्यमशाला, मुख्यमंत्री स्वरोजगार और सौर स्वरोजगार योजना के साथ पर्यटन, उद्योग और फिल्म नीति के जरिए युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से भी स्थानीय स्तर पर आजीविका के साधन मजबूत किए जा रहे हैं।
उच्च शिक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षण संस्थानों के आधुनिकीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का विशेष फोकस है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है, जिससे विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर खुलेंगे।

एआई और तकनीक को लेकर मुख्यमंत्री ने युवाओं से बदलते समय के साथ अपने कौशल को लगातार अपडेट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तकनीकी बदलाव रोजगार के स्वरूप को बदल रहे हैं, ऐसे में युवाओं को नई तकनीकों और आधुनिक कौशल से जुड़कर ‘फ्यूचर रेडी’ बनना होगा।
देहरादून की ट्रैफिक समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके स्थायी समाधान के लिए सरकार गंभीरता से काम कर रही है। बिंदाल और रिस्पना नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
