राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियों में जुटी कांग्रेस
राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियों में जुटी कांग्रेस
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा राहुल गांधी के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे की तैयारियों का जायजा लेने देहरादून पहुंचीं। उनके साथ पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे और पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे। वहीं 5 जून को देहरादून में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने वाला होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की सफलता के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं है और अब बदलाव चाहती है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी अपने दौरे के दौरान उत्तराखंड से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को दिशा देंगे।
