धन सिंह रावत ने मिलेट्स खरीद की तैयारियों का दिया अपडेट, 250 केंद्रों पर ₹52.05 किलो में खरीदा जाएगा मंडुवा

0
IMG-20260930-WA0034_copy_552x538

अमीषा भट्ट

उत्तराखंड में आज 01अक्टूबर से शुरू होगी मिलेट्स की खरीद

250 क्रय केंद्रों पर ₹52.05 प्रति किलो की दर से खरीदा जाएगा मंडुवा

देहरादून 01 अक्टूबर: उत्तराखंड में पारंपरिक खेती और मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए 1 अक्टूबर से प्रदेशभर में मिलेट्स की खरीद शुरू होगी। मिलेट्स मिशन योजना के तहत उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) इस फसली वर्ष 250 क्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों से सीधे मंडुवा, झंगोरा, तिलहन, चौंलाई, दालें और अन्य पहाड़ी उत्पादों की खरीद करेगा।

सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि इस वर्ष किसानों से मंडुवा ₹52.05 प्रति किलो की दर से खरीदा जाएगा। पिछले वर्ष मंडुवा ₹48.86 प्रति किलो की दर से खरीदा गया था। उन्होंने कहा कि सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में पारंपरिक और मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा दे रही है। साथ ही प्रदेश को शत-प्रतिशत ऑर्गेनिक स्टेट बनाने का लक्ष्य है। जैविक उत्पादों को बाजार मिलने से किसानों को बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है।

मंत्री के अनुसार 1 अक्टूबर से शुरू होने वाली खरीद के लिए यूसीएफ ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष प्रदेशभर में 250 क्रय केंद्र बनाए गए हैं, जबकि पिछले वर्ष 214 केंद्रों से खरीद की गई थी। इस तरह इस बार 36 अतिरिक्त क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं।

सचिव सहकारिता डॉ. इकबाल अहमद ने बताया कि सभी जिलाधिकारियों को क्रय केंद्रों और निर्धारित खरीद मूल्य की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य देने के साथ खरीद का भुगतान डीबीटी के माध्यम से करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

यूसीएफ के प्रबंध निदेशक आनंद शुक्ल ने बताया कि मंडुवा निर्धारित दर पर खरीदा जाएगा, जबकि सोयाबीन, दाल, झंगोरा, चौंलाई और अन्य पहाड़ी उत्पादों की खरीद बाजार मूल्य के आधार पर होगी। यूसीएफ हाट के माध्यम से स्थानीय उत्पादों की खरीद, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और विपणन को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि उत्तराखंड के उत्पादों को व्यापक बाजार मिल सके।

पिछले वर्ष 11,153 किसानों से खरीदा गया मंडुवा
वित्तीय वर्ष 2025-26 में यूसीएफ ने 214 क्रय केंद्रों के माध्यम से 11,153 किसानों से 53,860.652 कुंतल मंडुवा खरीदा था। चमोली में सबसे अधिक मंडुवा खरीद हुई, जबकि टिहरी में सर्वाधिक किसानों ने अपने उत्पाद बेचे। कुमाऊं मंडल में पिथौरागढ़ मंडुवा खरीद में आगे रहा।

सरकार ने मंडुवा के खरीद मूल्य में लगातार वृद्धि की है। पहले यह ₹18 प्रति किलो था, जो पिछले वर्ष ₹48.86 और अब बढ़कर ₹52.05 प्रति किलो हो गया है। प्रत्येक क्विंटल की खरीद पर संबंधित सहकारी समिति को ₹200 की आय भी मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed