चमोली में जल्द शुरू होगी डायलिसिस सेवा, सांसद निधि से ₹65 लाख मंजूर
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की पहल से जिला चिकित्सालय को मिलेगी आधुनिक डायलिसिस मशीन,
चमोली, 01जुलाई : चमोली जनपद के किडनी रोगियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब उन्हें डायलिसिस के लिए देहरादून, श्रीनगर या अन्य जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
जिला चिकित्सालय चमोली में जल्द ही आधुनिक डायलिसिस सेवा शुरू होने जा रही है। इसके लिए गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने अपनी सांसद निधि से ₹65 लाख की धनराशि स्वीकृत की है, जिसमें ₹50 लाख की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है।
इस पहल से चमोली सहित आसपास के क्षेत्रों के किडनी मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण डायलिसिस उपचार उपलब्ध होगा।
इससे मरीजों को बार-बार लंबी दूरी तय करने की मजबूरी से राहत मिलेगी, साथ ही समय और आर्थिक खर्च में भी बड़ी बचत होगी।
जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. अनुराग धनिक ने बताया कि सांसद निधि से धनराशि प्राप्त होने के बाद डायलिसिस मशीन की स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मशीन की खरीद, टेंडर प्रक्रिया और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है, ताकि यह सुविधा जल्द से जल्द आम जनता को मिल सके।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से डायलिसिस यूनिट के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचा तैयार किया जा रहा है। मशीन स्थापना के साथ ही तकनीकी और अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जाएगा, जिससे सेवा शुरू होने में किसी प्रकार की देरी न हो।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार डायलिसिस सुविधा शुरू होने से न केवल चमोली बल्कि आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। स्थानीय स्तर पर उपचार उपलब्ध होने से गंभीर मरीजों को समय पर चिकित्सा मिलेगी और उनकी परेशानियां काफी हद तक कम होंगी।
डायलिसिस सेवा की शुरुआत को जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और मरीजों को बेहतर एवं सुलभ उपचार उपलब्ध कराने के सरकार के प्रयासों को भी नई मजबूती मिलेगी।
