जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने की सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, संवेदनशील इलाकों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश

0
IMG-20261106-WA0045_copy_806x538

अमीषा भट

उत्तरकाशी, 06 नवंबर 2026

जनपद में अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े विभिन्न विषयों की नियमित निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में संबंधित विभागों एवं सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में आर्थिक अपराध एवं वित्तीय सुरक्षा, सामाजिक स्थिरता, सीमा–पार अपराध, आतंकवाद, सीमा प्रबंधन, विशेष खुफिया समीक्षा (SIR) तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं, निगरानी व्यवस्था और आधुनिकीकरण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी सूचनाएं नियमित रूप से साझा करने तथा किसी भी संभावित समस्या या चुनौती की समय रहते पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी विभागों एवं सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने संवेदनशील एवं संभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान करने, अपराधों की प्रवृत्ति एवं गतिविधियों पर नजर रखने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं और निगरानी व्यवस्था की स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि समिति की बैठक कम से कम माह में एक बार आयोजित की जाए तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जाए। सभी संबंधित विभाग निर्धारित प्रारूप में प्रत्येक माह की पहली तारीख तक आवश्यक सूचनाएं समिति के सदस्य-सचिव को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, जिससे सूचनाओं का संकलन कर शासन एवं मंडल स्तर पर समय से प्रेषित किया जा सके।

बैठक में वन विभाग, बीआरओ, राजस्व, आईटीबीपी, पुलिस, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज विभाग सहित संबंधित अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed