डीएम डॉ. आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने संभाला मोर्चा, सीमा पर सुरक्षा कड़ी; अफवाहों से बचने की अपील

0
image296

पांवटा साहिब सीमा पर स्थिति पूरी तरह सामान्य, प्रशासन और निहंग समुदाय के बीच हुई वार्ता

डीएम डॉ. आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने संभाला मोर्चा, सीमा पर सुरक्षा कड़ी; अफवाहों से बचने की अपील

देहरादून, 27 जून: पंजाब से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड की ओर आने का प्रयास कर रहे निहंग सिख समुदाय के चलते उत्पन्न परिस्थितियों के बीच पांवटा साहिब सीमा पर शुक्रवार को स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में रही। प्रशासन एवं पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। साथ ही निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में वार्ता हुई है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने शुक्रवार को उत्तराखंड की प्रवेश सीमा पांवटा साहिब पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए।

सीमा क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। देहरादून आने-जाने वाले सभी वाहनों की सघन जांच और निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए सभी संभावित प्रवेश मार्गों पर प्रभावी नाकेबंदी की है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

इस बीच प्रशासन द्वारा गुरुद्वारा पांवटा साहिब में निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है। अधिकारियों ने भरोसा जताया कि आपसी बातचीत और सहयोग के माध्यम से स्थिति को पूरी तरह सामान्य बनाए रखा जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है और प्रत्येक गतिविधि पर प्रशासन एवं पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा कि सीमा क्षेत्र सहित सभी संभावित प्रवेश मार्गों पर पुलिस बल की प्रभावी तैनाती की गई है। कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा शांति में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा शांति, सौहार्द और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!