स्वनिधि महोत्सव में रेहड़ी-फड़ व्यवसायियों को मिला प्रोत्साहन, उत्कृष्ट बैंक और लाभार्थी हुए सम्मानित
पीएम स्वनिधि योजना से छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर, कम दस्तावेजों में ऋण उपलब्ध कराने का भरोसा
पौड़ी, 27 जून:नगर पालिका परिषद पौड़ी के सभागार में शुक्रवार को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रेहड़ी, फड़ एवं फुटपाथ व्यवसायियों को योजना की जानकारी देने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लीड बैंक अधिकारी किशन सिंह नेगी ने की।
इस अवसर पर लीड बैंक प्रबंधक किशन सिंह नेगी ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों को बिना किसी जटिल प्रक्रिया के आसान ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को न्यूनतम दस्तावेजों के आधार पर शीघ्र ऋण उपलब्ध कराने के लिए बैंक पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने लाभार्थियों से समय पर ऋण अदायगी करने की भी अपील की, ताकि वे योजना के तहत अगली ऋण किश्तों और अन्य सुविधाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकें।
सिटी मिशन मैनेजर जगदीश रतूड़ी ने प्रधानमंत्री स्वनिधि पुनर्गठित योजना एवं स्वनिधि से समृद्धि योजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 जून से 30 जून तक प्रदेश के सभी निकायों में लोक कल्याण मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र व्यवसायियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पीएम स्वनिधि योजना के तहत तीन नए ऋण आवेदन भी प्राप्त हुए।
कार्यक्रम में फड़ एवं रेहड़ी व्यवसायियों को अधिकाधिक क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने, उनकी प्रोफाइलिंग करने तथा उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैंक अधिकारियों ने लाभार्थियों को सरल एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से शीघ्र ऋण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
स्वनिधि महोत्सव के दौरान योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों तथा योजना का सफलतापूर्वक लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने वाले फड़ एवं रेहड़ी व्यवसायियों को सम्मानित भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छोटे व्यापारियों के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ स्वरोजगार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल के सचिव देवेंद्र सिंह रावत, कोषाध्यक्ष दिलवर सिंह भंडारी, नगर पालिका परिषद के सभासद अरविंद रावत, दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन से चंद्रशेखर बड़ोनी, सामुदायिक संगठनकर्ता इंदु उप्रेती, विभिन्न बैंकों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में फड़ एवं रेहड़ी व्यवसायी उपस्थित रहे।
