डीएम मयूर दीक्षित ने हरिद्वार में भारी बारिश को लेकर प्रशासन को किया अलर्ट, कांवड़ियों-श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने की अपील
अमीषा भट्ट
डीएम मयूर दीक्षित ने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से की सतर्कता बरतने की अपील
गंगा घाटों पर सुरक्षा बलों को अलर्ट रहने के निर्देश, संवेदनशील स्थानों पर बढ़ाई गई निगरानी; जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी के आदेश
हरिद्वार, 11 अगस्त : जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने डाक कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से गंगा घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने यात्रियों से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन एवं पुलिस की ओर से जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है।
जिलाधिकारी ने गंगा घाटों पर तैनात सुरक्षा बलों, पुलिस जवानों और संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के चलते गंगा का जलस्तर बढ़ने और नदी के तेज बहाव की स्थिति को देखते हुए कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाटों पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
डीएम ने अधिकारियों को कांवड़ यात्रा मार्गों और गंगा घाटों पर मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील एवं जोखिम वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखने तथा श्रद्धालुओं को ऐसे स्थानों पर जाने से रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने डाक कांवड़ यात्रियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि भारी बारिश के दौरान गंगा में स्नान करने से बचें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में बिल्कुल न जाएं। उन्होंने यात्रियों से प्रशासन एवं पुलिस के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने तथा मौसम खराब होने पर अनावश्यक जोखिम न लेने की अपील की।
भारी बारिश के कारण जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी जलभराव की सूचना मिले, अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करें, ताकि आमजन और कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि भारी बारिश के कारण जनपद के किसी भी क्षेत्र में यदि कोई अप्रिय घटना घटित होती है तो इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाए, जिससे राहत एवं बचाव कार्य बिना किसी देरी के शुरू किया जा सके। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा मार्गों, गंगा घाटों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतें और प्रशासन तथा पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए अपनी यात्रा सुरक्षित रूप से पूरी करें।
