डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने रामपुर तिराहा कांड के शहीद राज्य आंदोलनकारियों की स्मृति में किया वृक्षारोपण

0
IMG-20261002-WA0042_copy_603x538

अमीषा भट्ट

ऋषिकेश : 2 अक्टूबर 2026

अलग उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए दिल्ली जा रहे राज्य आंदोलनकारियों पर 2 अक्टूबर 1994 को मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में हुई पुलिस कार्रवाई में प्राणों की आहुति देने वाले राज्य आंदोलनकारियों की स्मृति में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में वृक्षारोपण किया।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। रामपुर तिराहा कांड उत्तराखंड के इतिहास का एक अत्यंत पीड़ादायक अध्याय है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान आंदोलनकारियों ने शांतिपूर्ण ढंग से पृथक उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर संघर्ष किया और अनेक आंदोलनकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि वह स्वयं भी उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी रहे हैं और उस समय उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राज्य आंदोलनकारियों पर किए गए अत्याचार के स्वयं भुक्तभोगी रहे हैं। आंदोलन के दौरान झेले गए संघर्ष और पीड़ा को आज भी याद करते हुए उन्होंने कहा कि शहीद आंदोलनकारियों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि शहीद राज्य आंदोलनकारियों की स्मृति में लगाया गया यह पौधा उनके त्याग और संघर्ष का प्रतीक है। जिस प्रकार एक पौधा समय के साथ वृक्ष बनकर समाज को छाया, प्राणवायु और जीवन देता है, उसी प्रकार राज्य आंदोलनकारियों के बलिदान से प्राप्त उत्तराखंड आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए सभी को अपने-अपने स्तर पर योगदान देना चाहिए। उन्होंने शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके आदर्शों और संघर्ष को सदैव याद रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता अखिलेश मित्तल, लक्ष्मण सिंह, महेश बिष्ट, विनोद राजभर, दीपक बिष्ट, अजय भट्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed