एनसीसी यूनिट की स्थापना से जनपद के युवाओं एवं विद्यार्थियों को मिलेगा सैन्य प्रशिक्षण का अवसर, रोजगार एवं करियर की संभावनाओं को मिलेगी नई दिशा

0
IMG-20260904-WA0123_copy_404x538

अमीषा भट्ट

ढकना बडोला में एनसीसी यूनिट की स्थापना की दिशा में बढ़ा कदम, प्रस्तावित परिसर हेतु भूमि का संयुक्त निरीक्षण

परिसर तक सड़क निर्माण की संभावनाओं का भी लिया गया जायजा, भूमि की उपयुक्तता एवं आधारभूत सुविधाओं को लेकर किया गया स्थलीय परीक्षण

जनपद चम्पावत में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) यूनिट की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के दिए गए निर्देशों के क्रम में एनसीसी यूनिट के लिए उपयुक्त भूमि के चयन के उद्देश्य से ग्राम ढकना बडोला में प्रस्तावित परिसर हेतु चिन्हित भूमि का संबंधित विभागों की संयुक्त समिति द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रस्तावित परिसर तक सड़क निर्माण की संभावनाओं का भी जायजा लिया गया।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा भूमि की उपयुक्तता, भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, सड़क निर्माण की संभावनाओं तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के संबंध में स्थलीय परीक्षण किया गया। भूमि चयन से संबंधित आवश्यक तकनीकी एवं राजस्व संबंधी जानकारी भी संकलित की गई, ताकि एनसीसी यूनिट की स्थापना के लिए आगे की आवश्यक कार्यवाही नियमानुसार की जा सके।

एनसीसी यूनिट की स्थापना होने से जनपद के युवाओं एवं विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता, टीम भावना तथा राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के साथ ही सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। एनसीसी प्रशिक्षण युवाओं को सेना एवं अन्य सेवाओं में करियर बनाने के लिए बेहतर तैयारी और मार्गदर्शन प्रदान करने में भी सहायक होगा।

इसके साथ ही एनसीसी यूनिट की स्थापना से स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की भी संभावना है। इससे जनपद के युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।

संयुक्त निरीक्षण में सहायक अभियंता आरडब्ल्यूडी गिरिजेश्वर तिवारी, सहायक अभियंता जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण सौरभ चंद, जेई आरडब्ल्यूडी,राजस्व उपनिरीक्षक चंद्रशेखर पंत एवं राजस्व विभाग के अमीन सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!