जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय के निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक का किया निरीक्षण

0
IMG-20260904-WA0139_copy_806x538

अमीषा भट्ट

निर्माण कार्य में तेजी लाने, पार्किंग एवं बायो मेडिकल वेस्ट की व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के दिये निर्देश

जिला चिकित्सालय एवं जिला महिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा

ओटी कक्ष, लेबर रूम, चेंजिंग रूम, भर्ती वार्डो का भी किया निरीक्षण, इमरजेंसी सेवाओं को बेहतर बनाने के दिये निर्देश

जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के क्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शुक्रवार को जनपद मुख्यालय के जिला चिकित्सालय परिसर में 2086.11 लाख की लागत से 50 बेड वाले निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न अनुभागों, आपातकालीन कक्षों और आईसीयू वार्डों का बारीकी से अवलोकन किया। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से निर्माण की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए गुणवत्तापूर्वक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था द्वारा बताया कि क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य दिसंबर माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीसीयू में बायो मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित एवं समुचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े निर्माण कार्यों में स्वच्छता, सुरक्षा और बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन की व्यवस्था को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए। चिकित्सालय परिसर में पार्किंग व्यवस्था के उचित एवं स्थायी समाधान के साथ–साथ सीसीयू के पीछे दोपहिया वाहनों की पार्किंग की संभावना को देखते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। मुख्य चिकित्सा अधिकारी से क्रिटिकल केयर ब्लॉक के संचालन के लिए आवश्यक चिकित्सकों, नर्सिंग एवं अन्य कार्मिकों के संबंध में भी जानकारी ली और यूनिट के संचालन से पूर्व आवश्यक चिकित्सक और कार्मिक सहित अन्य व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय एवं जिला महिला चिकित्सालय के ओटी कक्ष, लेबर रूम, चेंजिंग रूम, भर्ती वार्डों सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। चिकित्सालयों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। अवकाश के दिनों में इमरजेंसी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के लिए सीएमओ को अतिरिक्त चिकित्सक की तैनाती हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के तथा शव विच्छेदन कक्ष के मार्ग को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए सीएमओ को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

इस दौरान सीएमओ डॉ. श्याम विजय, एसीएमओ डॉ. बीएस पांगती, सीएमएस डॉ. बीएस रावत सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!