सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के साथ पूर्व सैन्य अधिकारियों ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का किया स्वागत
देहरादून के बीजापुर गेस्ट हाउस में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के नेतृत्व में उत्तराखंड के पूर्व सैन्य अधिकारियों ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भेंट की और राज्य की गौरवशाली सैन्य परंपरा पर चर्चा की।
देहरादून, 30 मई। उत्तराखंड आगमन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का देहरादून स्थित बीजापुर गेस्ट हाउस में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के नेतृत्व में प्रदेश के सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने नितिन नवीन को प्रथम विश्व युद्ध के वीर योद्धा और गढ़वाल राइफल्स के महानायक गब्बर सिंह नेगी की स्मृति से जुड़ा स्मृति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने उत्तराखंड की समृद्ध सैन्य विरासत और वीरभूमि की गौरवशाली परंपरा से भी उन्हें अवगत कराया।

भेंट के दौरान पूर्व सैनिकों के कल्याण, उत्तराखंड की सैन्य पहचान और राष्ट्र निर्माण में सैनिकों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के पूर्व सैनिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और उनके योगदान को लेकर भी अपने विचार साझा किए।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सैनिकों और पूर्व सैनिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा, सम्मान और अखंडता को बनाए रखने में भारतीय सैनिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुभव और सेवा भावना समाज व राष्ट्र दोनों के लिए प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर मेजर जनरल प्रबोध सरन राणा, मेजर जनरल अभय कार्की, मेजर जनरल एस.एस. नेगी, ब्रिगेडियर के.जी. बहल, कर्नल आर.एस. भण्डारी, कर्नल पवन वाही, कर्नल शर्मा, कर्नल आर.एस. क्षेत्री, कैप्टन दिनेश प्रधान, नायब सुबेदार विक्रम कण्डारी, कैप्टन बिष्ट और पीटीआर शमशेर सिंह बिष्ट सहित कई पूर्व सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
