देहरादून आरटीओ कार्यालय के आसपास परिवहन विभाग का निरीक्षण अभियान, 14 वाहनों के चालान

0
image162

देहरादून, 11 जून। आरटीओ कार्यालय देहरादून के आसपास अवैध गतिविधियों और परिवहन नियमों के उल्लंघन पर रोक लगाने के लिए परिवहन विभाग ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन संदीप सैनी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान एआरटीओ प्रशासन चक्रपाणि मिश्रा, एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, परिवहन कर अधिकारी प्रज्ञा पंत और उनकी टीम ने आरटीओ कार्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं।

टीम को आरटीओ कार्यालय के पास एक स्टाम्प विक्रेता अनधिकृत रूप से कार्य करते हुए मिला। जांच में सामने आया कि संबंधित स्टाम्प विक्रेता शिव सिंह बिष्ट का लाइसेंस गढ़ी कैंट क्षेत्र के लिए जारी था, जबकि वह आरटीओ कार्यालय के समीप काम कर रहे थे। विभाग ने इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इसके अलावा स्टाम्प राइटिंग से जुड़े दो अन्य मामलों की भी जांच की गई। संबंधित व्यक्तियों को स्टाम्प से जुड़े दस्तावेज, रजिस्टर और अन्य अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उनकी गतिविधियों की वैधता की जांच की जा सके।

निरीक्षण के दौरान एक वाहन अवैध रूप से पार्क मिला, जिसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। वहीं परिवहन और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 14 वाहनों के चालान किए गए।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि आरटीओ कार्यालय के आसपास संचालित नेट कैफे केवल ऑनलाइन शुल्क जमा करने और अधिकृत डिजिटल सेवाओं तक ही सीमित रहें। किसी भी अनधिकृत गतिविधि या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों ने कहा कि आरटीओ कार्यालय के आसपास यातायात व्यवस्था को सुधारने, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और स्थानीय लोगों को होने वाली परेशानी कम करने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!