इंस्टाग्राम पोस्ट ने खोला 10 लाख की चोरी का राज

0
image354

एक साल पहले घरेलू सहायिका ने चुराए थे हीरे और सोने के आभूषण, सोशल मीडिया पर हीरे का हार पहनकर फोटो डालते ही पहुंची पुलिस के शिकंजे में

देहरादून 04 जुलाई : देहरादून पुलिस ने करीब एक वर्ष पहले हुई लगभग 10 लाख रुपये के हीरे और सोने के आभूषणों की चोरी का खुलासा करते हुए घरेलू सहायिका को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी महिला के कब्जे से चोरी किए गए हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। इस मामले में सबसे दिलचस्प पहलू यह रहा कि आरोपी द्वारा इंस्टाग्राम पर चोरी का हीरे का हार पहनकर फोटो पोस्ट करना ही उसकी गिरफ्तारी का कारण बन गया।

पुलिस के अनुसार, आईटी पार्क स्थित सिक्का किमाया ग्रीन निवासी नितिशा वत्स ने 1 जुलाई 2026 को थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के कीमती आभूषण गायब हो गए थे। उस समय उन्हें लगा कि संभवतः उन्होंने गहने कहीं और रख दिए होंगे या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे। इसी कारण उन्होंने चोरी की आशंका नहीं जताई।

कुछ दिन पहले उनके एक परिचित ने इंस्टाग्राम पर उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला की एक तस्वीर दिखाई, जिसमें वह हीरे का हार पहने हुए थी।

शिकायतकर्ता ने जब फोटो देखी तो उन्हें पूरा विश्वास हो गया कि यह वही हार है, जो उनके घर से गायब हुआ था। इसके बाद उन्होंने तत्काल थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना राजपुर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जोहड़ी रोड से आरोपी विमला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि वह शिकायतकर्ता के घर घरेलू सहायिका का कार्य करती थी।

घर के लॉकर में रखे महंगे आभूषणों को देखकर उसके मन में लालच आ गया और उसने मौका पाकर हीरे व सोने के आभूषण चोरी कर लिए।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि घर की मालकिन का उस पर पूरा भरोसा था। उसने इसी भरोसे का फायदा उठाया और बाद में उन्हें यह विश्वास दिलाती रही कि शायद उन्होंने गहने कहीं और रख दिए होंगे या किसी परिचित को दिए होंगे। चोरी के बाद उसने कई बार आभूषण बेचने का प्रयास किया, लेकिन महंगे होने के कारण उन्हें बेच नहीं सकी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडेंट तथा एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 34 वर्षीय विमला पत्नी रंजीत, मूल निवासी ग्राम चकगामा, थाना पसीगमा, जनपद लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान निवासी बापू नगर, जाखन, देहरादून के रूप में हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटना का सफल खुलासा करने वाली थाना राजपुर और एसओजी की संयुक्त टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट ने एक साल पुरानी चोरी का राज खोल दिया और आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!