जिलाधिकारी ने किया ईवीएम वेयरहाउस का मासिक बाहरी निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का लिया जायजा
अमीषा भट्ट
चम्पावत, 06, नवम्बर 2026,
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा शुक्रवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम वेयरहाउस का मासिक बाहरी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस परिसर की समग्र सुरक्षा व्यवस्था, बाहरी सीलिंग, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली एवं कंट्रोल रूम की स्थिति का गहनता से जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने परिसर की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा गार्डों की तैनाती सहित सभी सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयरहाउस की सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का निरंतर एवं कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री देवेंद्र सिंह अधिकारी, भारतीय जनता पार्टी से श्री रोहित बिष्ट तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से श्री तुषार वर्मा सहित निर्वाचन विभाग के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
