48 घंटे में दिल्ली से सकुशल मिला गुमशुदा 16 वर्षीय किशोर, टिहरी पुलिस की तत्परता लाई रंग

0
image203

एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में कैम्पटी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सराय काले खां बस अड्डे से बरामद कर परिजनों को सौंपा

टिहरी, 04 जुलाई। संवेदनशील पुलिसिंग का एक और उदाहरण पेश करते हुए टिहरी पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गुमशुदा 16 वर्षीय नाबालिग बालक को दिल्ली से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में कैम्पटी पुलिस ने तकनीकी और मानवीय प्रयासों के दम पर इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, 30 जून को एक व्यक्ति ने कोतवाली कैम्पटी में तहरीर देकर बताया कि उसका करीब 16 वर्षीय पुत्र 29 जून को अपनी बहन के घर परोगी से अपने गांव चिलामू लौटते समय बन्दरकोट से बस पकड़ने के दौरान लापता हो गया था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी का मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित कर दी।

पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर लगातार तलाश अभियान चलाया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया और अन्य जनपदों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर हर संभावित पहलू पर काम किया गया।

लगातार 48 घंटे की मेहनत के बाद पुलिस टीम ने 2 जुलाई को नाबालिग को सराय काले खां बस अड्डा से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोर को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

अपने बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने टिहरी पुलिस और कैम्पटी पुलिस की त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया।

बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार और हेड कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!