ऋषिकेश में जल संस्थान की नई शाखा खोलने की मांग, विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

0
IMG-20260727-WA0017_copy_956x538

अमीषा भट्ट

ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर ऋषिकेश शहर में उत्तराखंड जल संस्थान की नई शाखा स्थापित करने का अनुरोध किया है।

डॉ. अग्रवाल ने अपने पत्र में अवगत कराया कि ऋषिकेश पर्यटन एवं तीर्थाटन की दृष्टि से देश का एक अत्यंत महत्वपूर्ण शहर है, जहां वर्ष भर देश-विदेश से पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं का निरंतर आवागमन बना रहता है। विशेषकर श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या एक साथ लाखों में पहुंच जाती है।

ऐसे समय में पेयजल एवं सीवरेज व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित बनाए रखना अत्यंत आवश्यक हो जाता है।उन्होंने कहा कि गंगा तटीय क्षेत्र होने के कारण यहां सीवरेज व्यवस्था की प्रभावी निगरानी का दायित्व और भी बढ़ जाता है, किंतु वर्तमान में पेयजल एवं सीवरेज व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाली संस्था उत्तराखंड जल संस्थान की कोई भी शाखा ऋषिकेश में उपलब्ध नहीं है।

जबकि लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग एवं पेयजल निगम सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों के शाखा कार्यालय ऋषिकेश में ही संचालित हैं।डॉ. अग्रवाल ने बताया कि जल संस्थान का शाखा कार्यालय ऋषिकेश में न होने के कारण स्थानीय नागरिकों को जल संस्थान से संबंधित अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी देहरादून एंव सिवरेज से सम्बंधित कार्यों के लिए हरिद्वार स्थित कार्यालय जाना पड़ता है, जिससे समय एवं संसाधनों की अनावश्यक हानि होती है।

साथ ही देहरादून से ऋषिकेश की पेयजल एवं हरिद्वार से सीवरेज व्यवस्था का प्रभावी अनुश्रवण भी संभव नहीं हो पाता है।उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि जनसुविधा एवं व्यवस्था के प्रभावी संचालन को ध्यान में रखते हुए ऋषिकेश में शीघ्र उत्तराखंड जल संस्थान का शाखा कार्यालय स्थापित किया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों को राहत मिल सके और क्षेत्र की पेयजल एवं सीवरेज व्यवस्था का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!