जनसुनवाई में गूंजे जनता के मुद्दे, डीएम आशीष भटगांई ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश

0
IMG-20260720-WA0011_copy_956x538

अमीषा भट्ट

चोरी, पेयजल, बिजली, सड़क और बाघ के आतंक से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं जिलाधिकारी के दरबार मेंपिथौरागढ़, 21 जुलाई। जिला मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान सोमवार को जिलेभर से आए लोगों और जनप्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई के सामने रखीं।

पेयजल, विद्युत, सड़क, शिक्षा, कानून व्यवस्था और वन्यजीवों के आतंक से जुड़े मामलों पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई में जाखनी स्थित पवन विहार कॉलोनी के लोगों ने पिछले दो वर्षों से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और पूर्व में हुई चोरियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।वहीं, ‘जाग उठा पहाड़ फाउंडेशन’ की ओर से एनसीईआरटी पुस्तकों के नाम पर अभिभावकों से वसूली गई धनराशि वापस दिलाने की मांग उठाई गई।

जिलाधिकारी ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।कनालीछीना के ग्राम पंचायत डोंडा हीराखान से टूनभिट्टा तक क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन की मरम्मत, नए पोल लगाने और पेड़ों में लटक रही विद्युत लाइनों को सुरक्षित करने की मांग भी रखी गई। डीडीहाट की ग्राम सभा बाराकोट में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या का मुद्दा भी जनसुनवाई में प्रमुखता से उठाया गया।

पिथौरागढ़ नगर से सटे टकाड़ी गांव के ग्रामीणों ने जर्जर मोटर मार्ग की समस्या बताते हुए सड़क पर रोड़ी डालकर इसे एंबुलेंस और छोटे वाहनों के आवागमन के योग्य बनाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण मरीजों, गर्भवती महिलाओं और विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।वहीं, ग्राम भट्टयूड़ा और आसपास के क्षेत्रों में बाघ के विचरण से ग्रामीणों में बढ़ते भय को देखते हुए प्रधान संगठन बिण ने वन विभाग से पिंजरा लगाने के साथ ही गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!