ऑपरेशन प्रहार: त्यूणी में 20 पेटी अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, बोलेरो वाहन सीज
देहरादून, 06 जुलाई। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान और एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत त्यूणी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 पेटी अवैध देशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई को थाना त्यूणी की टीम अटाल-मिनस रोड स्थित जंगलात बैरियर के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान हिमाचल प्रदेश नंबर की एक बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन से 20 पेटी अवैध देशी शराब बरामद हुई।
मौके से वाहन चालक नरवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
उसके खिलाफ थाना त्यूणी में आबकारी अधिनियम की धाराओं 63 और 72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शराब से भरे वाहन को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 43 वर्षीय नरवीर सिंह पुत्र मेहर सिंह, निवासी ग्राम चईजन, थाना नेरवा, जिला शिमला (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में नशा तस्करों और अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसे तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को थाना त्यूणी के प्रभारी निरीक्षक अश्वनी बलूनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया।
