मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत में ‘ईट राइट स्कूल’ अभियान का किया शुभारंभ
645 सरकारी स्कूलों के बच्चों को मिलेगी स्वस्थ खानपान की सीख : डीएम मनीष कुमार
चम्पावत, 06 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को टनकपुर के बूम घाट में ‘ईट राइट स्कूल’ अभियान का शुभारंभ किया। भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के ‘ईट राइट इंडिया’ अभियान के तहत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य स्कूली बच्चों में सुरक्षित भोजन, पोषण, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
खाद्य संरक्षा एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किए गए इस अभियान के तहत चम्पावत जिले के सभी 645 राजकीय विद्यालयों को शामिल किया जाएगा। कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान और सुरक्षित खानपान की जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चे समाज में सकारात्मक बदलाव के सबसे प्रभावी माध्यम हैं। यदि उनमें स्वस्थ भोजन और स्वच्छ जीवनशैली की आदतें विकसित की जाएं तो इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान से सुरक्षित और पौष्टिक भोजन की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
अभियान के तहत स्कूलों में ‘सही भोजन, बेहतर जीवन’ और ‘आज से थोड़ा कम तेल, चीनी और नमक’ जैसे संदेशों के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ खानपान के प्रति जागरूक किया जाएगा।
विद्यार्थियों को मोटे अनाज, स्थानीय और मौसमी खाद्य पदार्थों के उपयोग, खाद्य पदार्थों के लेबल और एक्सपायरी डेट की जांच तथा संतुलित आहार के महत्व की जानकारी भी दी जाएगी।
कार्यक्रम के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों का एफएसएसएआई के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से मूल्यांकन कर उन्हें ‘ईट राइट स्कूल’ प्रमाणन दिया जाएगा। अभियान को रोचक बनाने के लिए येलो बुक, एक्टिविटी बुक, डार्ट बुक, पिंक बुक, मैजिक बॉक्स और शैक्षणिक वीडियो का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा स्कूलों में पोस्टर प्रतियोगिता, वाद-विवाद, प्रभात फेरी, कार्यशालाएं और अन्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त आर.एस. कठायत ने बताया कि अभियान से जुड़े चिन्हित विद्यालयों के शिक्षकों और संबंधित अधिकारियों का प्रशिक्षण 10 जुलाई को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, चम्पावत में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, कुमाऊं मंडल के उपायुक्त खाद्य संरक्षा आर.एस. कठायत, सहायक आयुक्त संजय कुमार सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी सहित शिक्षा एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
