SSP श्वेता चौबे के निर्देश पर टिहरी पुलिस का अग्निसुरक्षा अभियान, दीपावली से पहले होटल-रेस्टोरेंट और औद्योगिक प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण
अमीषा भट्ट
पुलिस कार्यालय, जनपद टिहरी गढ़वाल
दिनांक: 05 नवम्बर 2026
*_दीपावली पर्व को सुरक्षित बनाने के लिए टिहरी पुलिस अलर्ट, होटल, रेस्टोरेंट एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों में चलाया अग्निसुरक्षा निरीक्षण एवं प्रशिक्षण अभियान_*
आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशानुसार टिहरी पुलिस द्वारा अग्निसुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 05 नवम्बर 2026 को अग्निशमन अधिकारी श्री देवेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में नरेंद्र नगर क्षेत्रान्तर्गत स्थित विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट एवं औद्योगिक इकाइयों का अग्निसुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में उपलब्ध अग्निसुरक्षा व्यवस्थाओं, अग्निशमन उपकरणों एवं आपातकालीन निकास मार्गों का जायजा लिया गया। साथ ही प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल की जाने वाली आवश्यक कार्यवाही एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

*_कर्मचारियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण_*
अग्निशमन टीम द्वारा उपस्थित कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों विशेषकर फायर एक्सटिंग्विशर के सही एवं प्रभावी संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कर्मचारियों को बताया गया कि आग लगने की शुरुआती अवस्था में किस प्रकार सावधानीपूर्वक अग्निशमन उपकरणों का उपयोग कर आग पर काबू पाया जा सकता है तथा किस प्रकार स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
*_प्रतिष्ठान संचालकों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश_*
निरीक्षण के दौरान होटल, रेस्टोरेंट एवं औद्योगिक इकाइयों के संचालकों एवं प्रबंधकों को निम्नलिखित दिशा-निर्देश दिए गए—
1. प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरणों को पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखने एवं उन्हें सदैव क्रियाशील अवस्था में रखने के निर्देश दिए गए।
2. आग बुझाने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी एवं रेत की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
3. आपातकालीन निकास मार्गों को सदैव खुला एवं अवरोधमुक्त रखने के निर्देश दिए गए।
4. प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के संचालन एवं आपातकालीन बचाव प्रक्रिया की जानकारी देने को कहा गया।
5. दीपावली के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश दिए गए।

टिहरी पुलिस द्वारा सभी प्रतिष्ठान संचालकों एवं आमजन से अपील की जाती है कि दीपावली पर्व के दौरान विशेष सावधानी बरतें तथा आतिशबाजी एवं अन्य ज्वलनशील गतिविधियों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करें।
किसी भी प्रकार की आगजनी अथवा अग्नि दुर्घटना होने पर तत्काल आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 अथवा नजदीकी फायर स्टेशन को सूचना दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्यवाही की जा सके।
टिहरी पुलिस की अपील:
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। आपकी थोड़ी सी सावधानी किसी बड़ी दुर्घटना को रोक सकती है। आइए, इस दीपावली खुशियों के साथ सुरक्षा का भी संकल्प लें।
