टिहरी हादसे की जांच तेज: सुप्रीम कोर्ट रोड सेफ्टी कमेटी के निर्देश पर टीम ने किया मौके का निरीक्षण
चंबा के पास हुए दर्दनाक हादसे में 8 की मौत, तेज ढलान और स्पीड कंट्रोल खोना माना जा रहा मुख्य कारण

टिहरी/देहरादून 25 अप्रैल : माननीय सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी के निर्देशों के अनुपालन में राज्य में गठित लीड एजेंसी की टीम ने जनपद टिहरी के चंबा के पास हुए भीषण सड़क हादसे का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दुर्घटना में वाहन संख्या UK09TA1799 सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जांच में सामने आए अहम तथ्य
जांच के दौरान टीम ने दुर्घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना स्थल पर सड़क की चौड़ाई पर्याप्त है और सुरक्षा के लिए पैरापेट भी लगाए गए हैं, लेकिन मोड़ के बाद लगातार तीव्र ढलान पाया गया।
प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा है कि इसी ढलान के कारण चालक वाहन की गति पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
निरीक्षण टीम में शामिल अधिकारी
उप परिवहन आयुक्त उत्तराखंड श्री शैलेश तिवारी के नेतृत्व में लीड एजेंसी की टीम ने यह निरीक्षण किया। इस दौरान परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD) के स्थानीय अधिकारी और जेपीआरआई के विशेषज्ञ भी मौजूद रहे।
निरीक्षण दल ने वाहन की तकनीकी जांच के साथ-साथ घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और जानकारियां एकत्रित कीं, जिनके आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च स्तर पर भेजी जाएगी।
लोनिवि (PWD) को ये सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग को कई अहम निर्देश दिए गए, जिनमें शामिल हैं:
तीव्र ढलान के दृष्टिगत रंबल स्ट्रिप्स (धीमी गति के लिए धारियाँ) बनाई जाएं।
दुर्घटना स्थल पर क्रैश बैरियर (टक्कर रोधी अवरोधक) लगाए जाएं।
मोड़ पर सड़क की ज्यामिति (ज्योमेट्री) सुधारी जाए।
इस स्थान को दुर्घटना संभावित क्षेत्र चिन्हित करते हुए गति सीमा और चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जाएं।
इस मौके पर निम्नलिखित अधिकारी उपस्थित रहे:
लीड एजेंसी से: श्री नरेश संगल (सहायक निदेशक)
पुलिस विभाग से: श्री अविनाश चौधरी
लोक निर्माण विभाग से: श्री संजय बिष्ट
जनपद टिहरी से:
महेश लखेरा (सीओ, चंबा)
जगदीश खाती (अधिशासी अभियंता, लोनिवि चंबा)
सत्येंद्र राज (एआरटीओ, प्रवर्तन)
राजेंद्र विराटिया (एआरटीओ, प्रशासन)
नीलेश (संभागीय निरीक्षक)
मनीषा सेठी (सहायक अभियंता, लोनिवि चंबा)
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके और
सड़क सुरक्षा के मानकों को और सख्ती से लागू किया जा सके।

