अलकनंदा पर बन रहा पुल और सुरंग प्रोजेक्ट अंतिम चरण में, अगस्त तक शुरू होने की उम्मीद
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड सरकार के कृषि, सैनिक कल्याण एवं जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को अलकनंदा नदी पर निर्माणाधीन पुल और सुरंग परियोजना का निरीक्षण किया। करीब 156 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस परियोजना में 200 मीटर लंबा पुल और 900 मीटर लंबी सुरंग शामिल है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंत्री को निर्माण कार्य की प्रगति और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। प्रशासन के अनुसार परियोजना का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और अब अंतिम चरण के कार्य किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि पुल का वेट ट्रायल 15 जुलाई 2026 को प्रस्तावित है। सभी आवश्यक परीक्षण सफल रहने पर परियोजना को 15 अगस्त 2026 तक यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रशासन का कहना है कि इस परियोजना के शुरू होने से केदारनाथ और बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्गों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा। वर्तमान में यात्रा सीजन के दौरान रुद्रप्रयाग क्षेत्र में भारी यातायात दबाव के कारण जाम की समस्या बनी रहती है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद वाहनों की आवाजाही अधिक सुचारु होने की उम्मीद है।

प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में सड़क, पुल और सुरंग जैसी आधारभूत संरचनाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए आधुनिक यातायात सुविधाओं का विस्तार जरूरी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना के चालू होने के बाद यात्रा मार्गों पर ट्रैफिक दबाव कम होगा और श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।
