ब्लैक स्पॉट सुधार के लिए विशेषज्ञ संस्था कर रही थर्ड पार्टी ऑडिट
देहरादून। राज्य में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और दुर्घटना संभावित स्थानों को सुरक्षित बनाने के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट का थर्ड पार्टी ऑडिट कराया जा रहा है। यह ऑडिट विशेषज्ञ संस्था मैसर्स Ayoleeza Consultants Pvt. Ltd. द्वारा किया जा रहा है।
ऑडिट के दौरान संस्था की टीम प्रत्येक ब्लैक स्पॉट का स्थलीय निरीक्षण करेगी। इसके साथ ही दुर्घटनाओं से जुड़े आंकड़ों का संग्रह, उनका विश्लेषण और मौके की वास्तविक स्थिति का अध्ययन किया जाएगा। इसके आधार पर सुधारात्मक उपायों की सिफारिश करते हुए विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
पहले चरण में राज्य के 40 ब्लैक स्पॉट का ऑडिट किया जा रहा है। इनमें देहरादून के 21, हरिद्वार के 8, टिहरी के 6, चमोली के 2, रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी के एक-एक ब्लैक स्पॉट शामिल हैं। इसी क्रम में ऑडिट टीम ने देहरादून में चिन्हित 21 ब्लैक स्पॉट में से 3 स्थानों का निरीक्षण किया।
ऑडिट टीम को आवश्यक जानकारी और फील्ड विजिट के दौरान सहयोग उपलब्ध कराने के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी, प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा, देहरादून संभाग डॉ. अनीता चमोला ने संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में देहरादून, विकासनगर, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, टिहरी और उत्तरकाशी के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, प्रवर्तन को निर्देश दिए गए कि वे टीम को सभी जरूरी सूचनाएं और सहयोग उपलब्ध कराएं।
निरीक्षण के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन देहरादून पंकज श्रीवास्तव भी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। ऑडिट टीम द्वारा 6 जून 2026 को देहरादून के अन्य ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया जाएगा।
संभागीय परिवहन अधिकारी, प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा, देहरादून संभाग के अनुसार सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट का ऑडिट पूरा होने के बाद संस्था विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सड़क सुरक्षा लीड एजेंसी को सौंपेगी। रिपोर्ट में दी गई संस्तुतियों के आधार पर जिला सड़क सुरक्षा समिति के माध्यम से संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को सुधारात्मक कार्यवाही के प्रस्ताव भेजे जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
