नैनीताल में 10 जून तक बदलेगा ट्रैफिक रूट, खुटानी-पदमपुरी मार्ग पर शाम के समय डायवर्जन लागू
खुटानी-पदमपुरी-धारी मोटर मार्ग पर डामरीकरण कार्य के चलते 10 जून तक दोपहर 3:45 बजे से शाम 8 बजे तक यातायात डायवर्ट रहेगा। वाहन भवाली-रामगढ़-भटेलिया-धानाचूली मार्ग से भेजे जाएंगे।
नैनीताल। भीमताल-खुटानी-चांफी-पदमपुरी-धारी मोटर मार्ग पर चल रहे डामरीकरण कार्य को देखते हुए प्रशासन ने यातायात डायवर्जन लागू करने के आदेश जारी किए हैं। सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और जाम की समस्या से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से इस मार्ग पर डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने जिला प्रशासन को बताया कि वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण डामरीकरण कार्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही सड़क पर जाम की स्थिति भी बन रही है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग की मांग पर खुटानी-पदमपुरी-धारी मार्ग पर यातायात को अस्थायी रूप से डायवर्ट करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार यह व्यवस्था मंगलवार से 10 जून तक लागू रहेगी। इस दौरान रोजाना दोपहर 3:45 बजे से शाम 8:00 बजे तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही डायवर्ट रहेगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार ने बताया कि निर्धारित समय के दौरान खुटानी-पदमपुरी-धारी मोटर मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को भवाली-रामगढ़-भटेलिया-धानाचूली मार्ग से भेजा जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों और यात्रियों से अपील की है कि वे प्रशासन की ओर से जारी यातायात व्यवस्था का पालन करें और सहयोग बनाए रखें।
अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर बेहतर और टिकाऊ डामरीकरण के लिए कुछ समय तक यातायात रोकना या डायवर्ट करना जरूरी है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनी रहेगी और आगे यात्रियों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले रूट और समय की जानकारी अवश्य लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
