आरटीओ कार्यालय के बाहर चला चेकिंग अभियान, 29 वाहनों के चालान और 7 वाहन सीज

0
image148

आरटीओ कार्यालय के बाहर चला चेकिंग अभियान, 29 वाहनों के चालान और 7 वाहन सीज

देहरादून, 10 जून। देहरादून में आरटीओ कार्यालय के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर परिवहन विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन संदीप सैनी के निर्देश पर की गई।

अभियान के दौरान परिवहन विभाग की प्रवर्तन और प्रशासनिक टीमों ने आरटीओ कार्यालय परिसर के बाहर, दुकानों के आसपास और नजदीकी क्षेत्रों में खड़े वाहनों की जांच की। विभाग का मुख्य उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई करना और लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करना था।

जांच के दौरान नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े 29 वाहनों के चालान किए गए। वहीं, यातायात में बाधा डालने और नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले 7 वाहनों को सीज कर दिया गया।

कार्रवाई के साथ ही अधिकारियों ने वाहन चालकों और वाहन स्वामियों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की सलाह दी। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने से यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों के साथ-साथ आरटीओ कार्यालय आने वाले लोगों को भी परेशानी होती है।

आरटीओ ने कहा कि कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में अवैध पार्किंग को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन कर यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थानों पर ही खड़े करें और यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही चेतावनी दी गई कि कार्यालय के आसपास किसी भी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि या विभागीय कार्य में अवांछित हस्तक्षेप पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग ने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि आरटीओ कार्यालय क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुरक्षित, व्यवस्थित और आम लोगों के लिए सुविधाजनक बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!