धामी सरकार फिर जनता के द्वार, 4 जुलाई से शुरू होगा 15 दिवसीय महाअभियान

0
image338

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के दूसरे चरण का आगाज, शिविरों में मौके पर होगा शिकायतों का समाधान और मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ

देहरादून 01 जुलाई । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड में एक बार फिर सरकार जनता के द्वार पहुंचेगी। प्रदेशभर में 4 जुलाई से 18 जुलाई तक ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का दूसरा चरण चलाया जाएगा। सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित इस 15 दिवसीय विशेष अभियान में जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण करेंगे और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराएंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारी और कर्मचारी स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनें और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। सरकार का उद्देश्य प्रशासन को लोगों के घर-घर तक पहुंचाकर सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाना है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष दिसंबर में चलाए गए 45 दिवसीय ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान को प्रदेशभर में अभूतपूर्व जनसमर्थन मिला था। इस दौरान 681 शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें 5.33 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। अभियान के दौरान करीब 33 हजार शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। इस पहल को सुशासन की प्रभावी कार्यशैली और जनहितैषी मॉडल के रूप में भी सराहा गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “लोगों को बिना किसी भागदौड़ के सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना ही सुशासन की पहली सीढ़ी है। इसी उद्देश्य से ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का दूसरा चरण शुरू किया जा रहा है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शिविरों में उपस्थित रहकर जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।”

प्रदेश सरकार का मानना है कि यह अभियान न केवल जन शिकायतों के त्वरित समाधान का माध्यम बनेगा, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास को भी और मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!