डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने इगास महोत्सव में की शिरकत, लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों पर झूमे लोग; बोले- लोक संस्कृति को बचाना हमारी जिम्मेदारी
अमीषा भट्ट
ऋषिकेश, रायवाला : 20 नवंबर 2026
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के छिद्दरवाला में गत रात्रि ओम स्टार परिवार की ओर से आयोजित उत्तराखंड के लोकपर्व इगास महोत्सव में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनके लोकगीतों पर उपस्थित लोग जमकर नाचे और झूमे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पारंपरिक भैलो नृत्य कर हर्षोल्लास के साथ इगास पर्व की खुशियां साझा कीं।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि इगास कोई चुनावी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत को संजोने का पर्व है। उन्होंने कहा कि उन्होंने करोनाकाल मे लॉकडाउन के बावजूद भी परंपरा को जारी रखा।

डॉ. अग्रवाल ने विगत वर्ष सिलक्यारा टनल हादसे का स्मरण करते हुए कहा कि उस समय वह उत्तरकाशी जिले के प्रभारी मंत्री थे। हादसे के दौरान व्यस्त परिस्थितियों के बावजूद वह रातों-रात अपने ऋषिकेश क्षेत्र पहुंचे थे, ताकि इगास पर्व की परंपरा और उत्साह में शामिल हो सकें।
उन्होंने कहा कि इगास हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और पूर्वजों की विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। हमें अपनी लोक परंपराओं को पूरे उत्साह और गौरव के साथ मनाना चाहिए।

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, विदुषी निशंक, ओम स्टार परिवार के संस्थापक सोबन सिंह कैंतूरा, संरक्षक महावीर कैंतुरा, देवेंद्र सिंह नेगी, समा पवार, अनीता राणा, सुशीला नेगी, रवि पोखरियाल, मोहन सिंह रावत, राजेंद्र बगियाल, प्रवीण बिष्ट, अध्यक्ष गौरव जेठूड़ी, उपाध्यक्ष भीम नेगी, कोषाध्यक्ष प्रताप रावत, महासचिव उत्तम भंडारी, सचिव हरदीप भंडारी, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चमन पोखरियाल, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
