मंत्री रेखा आर्या ने पिथौरागढ़ में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ कार्यक्रम में लिया हिस्सा

0
IMG-20260814-WA0031_copy_807x538

अमीषा भट्ट

*प्रदर्शनी देख किया पीड़ितों को नमन*

*पिथौरागढ़, 14 अगस्त।*

उत्तराखंड की खेल मंत्री व जनपद की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण के लिए अपने प्रभारी जिले पिथौरागढ़ पहुँचीं। मुख्य समारोह से पूर्व, गुरुवार शाम को उन्होंने पार्टी कार्यालय में आयोजित ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ कार्यक्रम में शिरकत की।
इस दौरान उन्होंने देश विभाजन के समय की हृदय विदारक और दर्दनाक ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उस त्रासदी में अपनी जान गंवाने वाले लाखों निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि दी।

मंच से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि 1947 का देश विभाजन केवल भौगोलिक सीमाओं का बंटवारा नहीं था, बल्कि यह करोड़ों लोगों के विस्थापन, पीड़ा और अमानवीय यातनाओं का वह काला अध्याय है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हमारे लाखों पूर्वजों ने जो दंश झेला, यह दिन उनकी शहादत और संघर्ष को याद करने का है। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें संदेश देता है कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द सर्वोपरि है। हमें इतिहास के इस दर्द से सीख लेते हुए देश को एकजुट रखने का दृढ़ संकल्प लेना होगा।

गौरतलब है कि मंत्री रेखा आर्या 15 अगस्त को पुलिस लाइन में मुख्य ध्वजारोहण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर ध्वजारोहण करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed