रोजगार और आजीविका संवर्धन पर तीन दिवसीय आउटरीच कार्यक्रम शुरू, विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने किया शुभारंभ

0
IMG-20260721-WA0030_copy_808x538

अमीषा भट्ट

चकराता में ‘विकसित भारत’ के संकल्प को मिली नई दिशा

ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चकराता में तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून की ओर से चिल्ड्रन्स पार्क में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने किया।कार्यक्रम का आयोजन ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषय पर किया जा रहा है।

इस दौरान ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आजीविका के अवसरों से जुड़ी केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजन को दी जा रही है।‘विकसित भारत का रास्ता विकसित गांवों से होकर गुजरता है’मुख्य अतिथि विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को सशक्त बनाए बिना विकसित भारत का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। केंद्र सरकार ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन पर विशेष ध्यान दे रही है।

उन्होंने नागरिकों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।खंड विकास अधिकारी राकेश बिष्ट ने कार्यक्रम के उद्देश्यों और ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह पहल गांवों के समग्र विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर सृजित करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए विभागीय समन्वय और जनभागीदारी को आवश्यक बताया।पोस्टर और पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्रों ने दिया नशामुक्ति का संदेशकार्यक्रम के तहत जौनसार पब्लिक स्कूल, चकराता के विद्यार्थियों के बीच ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ विषय पर पोस्टर मेकिंग और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।

आकर्षक और प्रेरणादायक पोस्टर एवं चित्र प्रतियोगिता का प्रमुख आकर्षण रहे।योजनाओं की जानकारी के लिए लगाए गए स्टॉलकार्यक्रम स्थल पर बाल विकास विभाग, खंड विकास विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग और स्वयं सहायता समूहों की ओर से सूचना स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं, सेवाओं और आजीविका के अवसरों की जानकारी दी गई।

तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान चित्र प्रदर्शनी, जन-जागरूकता गतिविधियां, विभिन्न प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभागीय सूचना स्टॉलों के माध्यम से आमजन को केंद्र सरकार की योजनाओं तथा ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम में कैंट बोर्ड चकराता के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिपु दमन सिंह, कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष अनिल चांदना, खंड विकास अधिकारी राकेश बिष्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!