देहरादून में राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया हुई आसान, स्मार्ट पीडीएस पोर्टल से घर बैठे कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
अमीषा भट्ट
देहरादून
एंकर- देहरादून में अब राशन कार्ड बनवाना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। अब आपको नया राशन कार्ड बनवाने के लिए, या पुराने राशन कार्ड में परिवार के नए सदस्य का नाम जुड़वाने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।जिला पूर्ति विभाग ने इसके लिए स्मार्ट पीडीएस पोर्टल की सुविधा शुरू कर दी है।
अब आप घर बैठे ही ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नए राशन कार्ड के लिए आपको पोर्टल पर परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड और तहसील से जारी आय प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा।
केवाईसी पूरी होने के बाद आपका आवेदन विभाग के पोर्टल पर पहुंच जाएगा, जहां पूर्ति निरीक्षक और अधिकारी दस्तावेजों की जांच करके आपका राशन कार्ड जारी करेंगे।
अगर दस्तावेजों में कोई कमी होगी, तो उसकी जानकारी भी आपको दे दी जाएगी। वहीं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत प्राथमिक परिवार और अंत्योदय राशन कार्ड धारकों के लिए भी बड़ी राहत है।
अब इन कार्डों में भी परिवार के नए सदस्यों के नाम जोड़े जा रहे हैं। पहले इसमें परेशानी आ रही थी, लेकिन अब अपात्र कार्ड निरस्त होने से बनी रिक्तियों पर पात्र परिवारों के नए सदस्यों के नाम जोड़े जा रहे हैं।
